कस्बा का व्यापारी सुमित रस्तोगी बीते पांच दिनों से लापता है। इसके सौ घंटे बाद भी लापता व्यापारी तो दूर, उसका मोबाइल और उसकी बाइक दो अलग-अलग स्थानों पर कैसे पहुंचे, इसका भी पुलिस खुलासा नहीं कर पाई है। इसे लेकर व्यापारियों में आक्रोश बढ़ने लगा है। रविवार को सपा विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव व्यापारी के घर पहुंचे। परिजनों को सांत्वना देने के साथ उन्होंने एसपी से व्यापारी के सकुशल बरामदगी की मांग की। कस्बा के कपड़ा व्यवसायी प्रेमशंकर रस्तोगी के दो पुत्रों में बड़ा पुत्र सुमित रस्तोगी विभिन्न कंपनियों का कोल ड्रिंक्स व पानी की सप्लाई करता है। बीते बुधवार की शाम छह बजे घर से तगादा पर निकला पर देर रात तक घर नहीं पहुंचा। अगले दिन बृहस्पतिवार की सुबह टिमिलपुर गांव के एक जनरल स्टोर की दुकान के बाहर लकड़ी की गुमटी में उसका मोबाइल मिला। इसके कुछ देर बाद संघती रिंग रोड के नीचे लावारिस हालत में उसकी बाइक बरामद होने की सूचना मिली। बाइक की डिग्गी में व्यापारी का एटीएम, आधार कार्ड और गाड़ी का चाभी भी बरामद हुआ लेकिन सौ घंटे बाद दर्जनों सीसी कैमरा खंगालने के बाद भी लापता व्यापारी का पता पुलिस नहीं लगा पाई है। इससे परिजनों में संशय बना हुआ है। वहीं व्यापारी की शीघ्र बरामदगी न होने पर कस्बा के व्यापारियों ने धरना प्रदर्शन और आंदोलन करने की चेतावनी दी है। कोतवाल विमलेश कुमार मौर्या ने बताया कि पुलिस व्यापारी की तलाश में एड़ी-चोटी का जोर लगाए हुए है। शीघ्र ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।