बिजली आपूर्ति ठप होने से नौ लिफ्ट कैनाल बंद
संवाद न्यूज एजेंसी
कंदवा। क्षेत्र के बरहनी चिरईगांव स्थित रेरुआ स्वतंत्र फीडर के 33 हजार लाइन के एक दर्जन से ज्यादा डिस्क व इंसुलेटर जलने के कारण कर्मनाशा नदी में लगे नौ लिफ्ट कैनालों की विद्युत आपूर्ति पिछले एक सप्ताह से बंद है जिससे सभी लिफ्ट कैनाल ठप हैं। इससे पानी के अभाव में फसल बर्बाद होने के कगार पर पहुंच गई है। लगातार गुहार लगाने के बाद भी गड़बड़ी ठीक न कराए जाने पर किसानों में नाराजगी है।
एक सप्ताह पूर्व आंधी पानी व बिजली के चलते रेरुआ स्वतंत्र फीडर के 33 हजार लाइन के कई डिस्क, इंसुलेटर जलने से कर्मनाशा नदी में लगे नौबतपुर, चारी, मुड्डा, चिरईगांव, धनाइतपुर, अरंगी, अदसड़, ककरैत और करौती में लगे लिफ्ट कैनालों की विद्युत आपूर्ति एक सप्ताह से ठप। इससे सिंचाई प्रभावित हो रहा है। किसान अजीत सिंह, रविशंकर सिंह, सतीश राय, राजमोहन तिवारी, बृजेश यादव, राजेश सिंह, अशोक यादव ने चेतावनी दी कि यदि तत्काल गड़बड़ी दूर नहीं होती है तो पानी के अभाव में फसल बर्बाद हो जाएगी। भारतीय किसान यूनियन के तहसील अध्यक्ष सुमंत सिंह अन्ना, ब्लाक अध्यक्ष शिवबच्चन सिंह ने आरोप लगाया है कि स्वतंत्र फीडर बनाने व विद्युतीकरण कराने में ठेकेदार ने अच्छे सामन का प्रयोग नहीं किया जिससे कि इंसुलेटर जल गये। चार दिन पहले ही विभाग के अधिकारियों को पूरे मामले से अवगत करा दिया गया है लेकिन किसी के कान पर जूं तक नहीं रेंग रहा है। किसान नेताओं ने चेताया है कि यदि दो दिनों के अंदर गड़बड़ी दूर नहीं होती है तो किसान धरना प्रदर्शन के लिए बाध्य होंगे।