आरओ रूम में किन्नरों ने किया प्रदर्शन
- फोटो : अमर उजाला
नगर पालिका पीडीडीयू नगर के अध्यक्ष पद के प्रत्याशी के परिणाम की घोषणा शनिवार को रात लगभग आठ बजे अवैध मतों की गिनी के बाद हुई। दरअसल पांचवें चक्र की गिनती के बाद निर्दल प्रत्याशी सोनू किन्नर ने भाजपा प्रत्याशी मालती सोनकर को शिकस्त देते हुए 361 मतों से बढ़त बना ली थी। भाजपा कार्यकर्ता पुनर्मतगणना की मांग करने लगे। किन्नरों ने इसके विरोध में खूब हंगामा किया। उनका कहना था कि जब जनादेश मिल गया है तो फिर क्यों घोषणा नहीं की जा रही। परिणाम को क्यों छुपाया जा रहा है।
अंदर से लेकर बाहर तक किन्नरों और सोनू के समर्थकों ने विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस से हाथापाई हुई वहीं कुछ समर्थकों ने कुर्सियां भी उछाली। मामला शांत करने के लिए पुलिस को डंडा पटकना पड़ा। जिसके बाद समर्थक शांत हुए। लेकिन भाजपा कार्यकर्ताओं की मांग के बाद बाद में सभी पक्ष अवैध मतों की पुन: गिनती किये जाने पर राजी हुए। अवैध मतों पुन: गणना किये जाने के बाद रात करीब आठ बजे सोनू किन्नर को 397 मतों से विजयी घोषित किया गया। जिसके बाद किन्नरों के खुशी का ठिकाना नहीं रहा।
नगर निकाय चुनाव के लिए शनिवार को हुई मतगणना के बाद भाजपा मुगलसराय विधानसभा क्षेत्र में पड़ने वाली नगर पालिका पीडीडीयू नगर व नगर पंचायत चंदौली के अध्यक्ष पद का चुनाव हार गई। दोनों ही स्थानों पर जनता ने निर्दल प्रत्याशियों पर भरोसा जताते हुए जीत का ताज पहनाया है। जबकि 2017 के निकाय चुनाव में दोनों ही सीटों पर भाजपा ने जीत दर्ज की थी। नगर निकाय चुनाव में इस बार भाजपा ने जिले के चारों नगर निकाय में अध्यक्ष पद के प्रत्याशी को जिताने के पार्टी के दिग्गज नेताओं को मैदान में उतार दिया था।
केंद्रीय मंत्री से लेकर सांसद व विधायक तक भाजपा प्रत्याशी को जिताने में लगे हुए थे। लेकिन जनता ने मुगलसराय विधानसभा क्षेत्र में पड़ने वाली नगर पालिका पीडीडीयू नगर और नगर पंचायत चंदौली के अध्यक्ष पद पर भाजपा प्रत्याशी को नकार दिया। दोनों ही स्थानों पर जनता ने निर्दलों के सिर पर अध्यक्ष पद का ताज सजाया है । जबकि वर्ष 2017 में हुए चुनाव में दोनों ही स्थानों पर भाजपा ने कब्जा जमाया था। शनिवार को हुई मतगणना के बाद नगर पालिका पीडीडीयू नगर में अध्यक्ष पद पर निर्दल प्रत्याशी सोनू किन्नर ने 397 मतों से भाजपा प्रत्याशी मालती सोनकर को शिकस्त दी।
वहीं चंदौली नगर पंचायत अध्यक्ष के निर्दल प्रत्याशी सुनील यादव गुड्डू ने भाजपा उम्मीदवार ओमप्रकाश सिंह को 399 मतों से शिकस्त दी है। जबकि वर्ष 2017 में नगर पालिका पीडीडीयू नगर के अध्यक्ष पद पर भाजपा प्रत्याशी संतोष खरवार ने 8086 मतों से सपा प्रत्याशी महेंद्र सोनकर एवं चंदौली नगर पंचायत के अध्यक्ष पद के भाजपा प्रत्याशी रविंद्र गोंड ने 889 मतों से बसपा प्रत्याशी अजय को मात दी थी।