पीडीडीयू नगर। दिल्ली जाने वाली ट्रेनों में अत्यधिक भीड़ को देखते हुए रेलवे गोड्डा से नई दिल्ली के बीच नई ट्रेन चलाएगा। इसका नियमित परिचालन 14 अक्तूबर से किया जाएगा। बुधवार को इस ट्रेन का उद्घाटन स्पेशल ट्रेन के रूप में दिल्ली से किया जाएगा। यह ट्रेन साप्ताहिक होगी।
पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसपंर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए प्रयागराज, पीडीडीयू, गया, कोडरमा, न्यू गिरिडीह, मधुपुर, जसीडीह,देवघर के रास्ते दिल्ली और गोड्डा के बीच साप्ताहिक ट्रेन 14 अक्तूबर से चलेगी। नई दिल्ली से यह ट्रेन प्रत्येक सोमवार को और गोड्डा से प्रत्येक बुधवार को चलेगी। बताया कि गाड़ी संख्या 14050 दिल्ली-गोड्डा एक्सप्रेस दिनांक 14 अक्तूबर से प्रत्येक सोमवार को दिल्ली से 15.00 बजे खुलकर, टुण्डला, कानपुर, प्रयागराज रूकते हुए अगले दिन भोर में 03.45 बजे पं. दीन दयाल उपाध्याय जंकशन पहुंचेगी।
इसी तहर यहां से खुलकर भभुआ रोड, सासाराम, डेहरी ऑन सोन, गया, कोडरमा, जमुआ, न्यू गिरीडीह, मधुपुर, जसीडीह, देवघर, ककनी, हंसडीहा रूकते हुए 15.45 बजे गोड्डा पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन संख्या 14049 गोड्डा-दिल्ली एक्सप्रेस 16 अक्तूबर से प्रत्येक बुधवार को गोड्डा से 10.00 बजे खुलकर रात 21.30 बजे पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पहुंचेगी। यहां से चलकर यह ट्रेन अगले दिन 09.10 बजे दिल्ली पहुंचेगी। बुधवार को उद्घाटन स्पेशल दिल्ली से 15.00 बजे खुलकर अगले दिन 03.45 बजे पीडीडीयू जंक्शन पहुंचेगी। यहां से चलकर अगले दिन 15.45 बजे गोड्डा पहुंचेगी।