अब यूपी पुलिस अत्याधुनिक असलहे और तकनीक के सहारे नक्सलियों से मुकाबला करेगी।
इसके
लिए पहले चरण में साहुपुरी स्थित सीआरपीएफ मुख्यालय पर पंद्रह जवान
सीआरपीएफ से अत्याधुनिक असलहों को चलाने और नक्सलियों से मुकाबला करने का
गुर सीखेंगे। 15 से 29 फरवरी तक चलने वाले प्रशिक्षण शिविर की शुरुआत
सोमवार को हुई।
केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के साहुपुरी स्थित मुख्यालय पर
नक्सल रोधी अभियान के तहत पंद्रह जवानों के प्रशिक्षण की शुरुआत में मुख्य
अतिथि पुलिस अधीक्षक चंदौली अमित वर्मा ने बताया कि प्रशिक्षण का मूल
उद्देश्य पुलिस कर्मियों को नक्सल अभियानों से निपटने के लिए आधुनिक रणनीति
के बारे में प्रशिक्षित करना है।
इस क्रम में 51 एमएम मोर्टार, एके -47,
एलएमजी, 5.56 व यूबीजीएल (अंडर बैरल ग्रेनेड लांचर) जैसे आधुनिक हथियार की
जानकारी और प्रशिक्षण देना है। साथ ही प्रशिक्षित पुलिस कर्मी शारीरिक और
मानसिक रूप से सशक्त होंगे और नक्सलियों से निपटने के लिए आधुनिक रणनीति
बनाएंगे।
सीआरपीएफ 148 वीं बटालियन के वेद प्रकाश त्रिपाठी ने कहा कि इस
शिविर के माध्यम से सिविल पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के बीच आपसी
सामंजस्य को बेहतर बनाने, नक्सल विरोधी आधुनिक रणनीति बनाने और सीआरपीएफ
द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे अत्याधुनिक हथियारों के बारे में जानकारी दी
जाएगी।
इस मौके पर द्वितीय कमान अधिकारी ओपी पांडेय, उप कमांडेंट धीरज
कुमार सिंह, शमीमुद्दीन, प्रेमप्रताप सिंह, चंद्रशेखर सिंह कुशवाहा,
सूबेदार मेजर अनिल कुमार राय आदि उपस्थित रहे।