11वीं एनडीआरएफ वाहिनी, वाराणसी के साहुपुरी परिसर में आयोजित अंतर-वाहिनी योग एवं वॉलीबॉल प्रतियोगिता का सोमवार को समापन हुआ। एनडीआरएफ नई दिल्ली ने वॉलीबॉल और वाराणसी की टीम ने योग प्रतियोगिता में जीत दर्ज की।
यह प्रतियोगिता 30 अक्टूबर से 3 नवम्बर 2025 तक चली जिसमें पश्चिम मध्य क्षेत्र की 6वीं, 8वीं, 11वीं एवं 16वीं वाहिनियों की टीमें शामिल हुईं। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने शानदार खेल कौशल, अनुशासन, टीम भावना और समर्पण का प्रदर्शन किया।
योग प्रतियोगिता में मेजबान 11वीं वाहिनी, एनडीआरएफ वाराणसी की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं वॉलीबॉल प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में 16वीं वाहिनी एनडीआरएफ नई दिल्ली की टीम ने रोमांचक खेल दिखाते हुए खिताब अपने नाम किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कार्यवाहक कमांडेंट संतोष कुमार (द्वितीय कमान अधिकारी) ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को मेडल, प्रमाणपत्र और ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।