चंदौली। जिले के जवाहर नवोदय विद्यालय के कक्षा छठवीं में प्रवेश के लिए शनिवार को प्रवेश परीक्षा होगी। परीक्षा के लिए जिले में कुल नौ केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा में शामिल होने के लिए कुल 5007 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। वहीं शुक्रवार की शाम तक परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा की पूरी तैयारी कर ली गई।
बैराठ स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय के प्राचार्य संजय कुमार मिश्र ने बताया कि प्रवेश परीक्षा के लिए नौ केंद्र बनाए गए हैं। बरहनी ब्लॉक के नेशनल इंटर कॉलेज सैयदराजा में 417, चहनिया के बलुआरोड स्थित राहुल इंटरनेशनल स्कूल महुअरकलां 657, और सेंट जोसेफ स्कूल में 734, चकिया के आदित्य नारायण इंटर कॉलेज 394, चंदौली ब्लॉक के महेंद्र टेक्निकल इंटर कॉलेज 755, धानापुर के बीएण्डबी इंटरनेशनल स्कूल खरखोलिया 84, नौगढ़ राजकीय इंटर कॉलेज में 282, पीडीडीयू नगर के नगर पालिका इंटर कॉलेज 516, शहाबगंज के गांधी स्मारक इंटर कॉलेज 411 बच्चों के बैठने की व्यवस्था की गई है।
-
प्रवेश पत्र के अलावा आधार कार्ड ले जाना अनिवार्य
परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र पर प्रवेश पत्र के साथ आधार भी लेकर जाना होगा। परीक्षा की मानिटरिंग एनवीएस एप से की जाएगी। एप के माध्यम से ही बैंक से प्रश्नपत्र निकालने सहित सभी प्रक्रियाओं को अपडेट किया जाएगा।
नीले अथवा काले पेन का करना होगा उपयोग
प्रवेश परीक्षा हिंदी व अंग्रेजी के साथ ही 21 भाषाओं में ली जाएगी। उत्तर पुस्तिका पर नीले अथवा काले बाल प्वाइंट पेन से जवाब लिखना होगा। किसी भी स्थिति में पेंसिल का उपयोग नहीं करना है। दो घंटे की परीक्षा में 100 वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे जाएंगे। मानसिक योग्यता के 50 अंकों के 40 प्रश्नों के लिए एक घंटे का समय होगा। इसी प्रकार अंक गणित व भाषा के 20-20 सवालों के लिए 30-30 मिनट का समय निर्धारित है।