चन्द्रप्रभा स्थित नेचर सेंटर का ताला खुला। संवाद
नौगढ़। चंद्रप्रभा वन्यजीव प्रभाग स्थित नेचर सेंटर बुधवार को पर्यटकों के लिए खोल दिया गया। पिछले कई दिनों से बंद पड़े नेचर सेंटर को लेकर अमर उजाला में 28 जुलाई के अंक में प्रमुखता से खबर प्रकाशित होने के बाद वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए इसे फिर से शुरू कर दिया। इससे पर्यटकों ने राहत की सांस ली है।
वन क्षेत्राधिकारी अखिलेश दुबे ने बताया कि कुछ तकनीकी समस्याओं के कारण नेचर सेंटर को अस्थायी रूप से बंद किया गया था। अब समस्याओं का समाधान होने के बाद इसे पर्यटकों के लिए खोल दिया गया है। यहां आने वाले पर्यटक राजदरी क्षेत्र में पाए जाने वाले वन्यजीवों, पशु-पक्षियों और जैव विविधता से जुड़े चित्रों एवं जानकारियों का अवलोकन कर सकेंगे।
वन क्षेत्राधिकारी ने बताया कि पर्यटकों की सुविधा के लिए डॉरमेट्री हॉल भी जल्द ही खोल दिया जाएगा। इसके अलावा बच्चों के मनोरंजन के लिए लगे झूले और चकरी, पर्यटकों के लिए वाटर कूलर की व्यवस्था तथा क्षतिग्रस्त रेलिंग की मरम्मत के लिए प्रस्ताव तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेजा गया है। बजट स्वीकृत होते ही सभी कार्य कराए जाएंगे, जिससे पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।