सकलडीहा। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के पंडुकपुर गांव में बृहस्पतिवार की रात दो पक्षों में कहासुनी हो गई। इस दौरान विवाद बढ़ने पर मारपीट हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों के कुछ लोगों को कोतवाली ले आई। शुक्रवार को दोनों पक्षों से मिली तहरीर के आधार पर 12 नामजद व 14 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
जानकारी के अनुसार पंडुकपुर में बृहस्पतिवार की रात गांव में कुछ लोग खड़े थे। इसी दौरान एक व्यक्ति ने दूसरे की खड़ी बाइक से चाबी निकाल ली। इस पर दोनों पक्षों में बहसबाजी होने लगी। देखते ही देखते मामला अधिक बढ़ गया और दोनो पक्ष मारपीट पर उतारू हो गए। इस दौरान ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों से आधा दर्जन लोगों को पकड़कर अपने साथ कोतवाली ले आई। दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश भी बताई जा रही है। कोतवाल सतेंद्र यादव ने बताया कि मारपीट की घटना में दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।