चंदौली। आदर्श नगर पंचायत की ओर से नगर के प्रमुख मार्ग के सड़कों को सुधारने के लिए दो करोड़ 25 लाख रुपये की धनराशि और अवमुक्त हुई है। इससे प्रमुख मार्ग जिला जज के आवास से लेकर संतोषी माता मंदिर तक निर्माण कार्य होगा। जिसके चलते नगर वासियों के साथ-साथ नगर आने वाले लोगों को राहत मिलेंगी। नगर पंचायत की माने तो जल्द ही नगर की प्रमुख सड़कों का निर्माण कर शुरू हो जाएगा। जिससे आम जन को राहत मिलेगी।
आदर्श नगर पंचायत चंदौली में जर्जर हो चुके सडकों को दुरुस्त किया जाएगा। जिसकी रूप रेखा नगर पंचायत ने तैयार कर ली है। जल्द ही नगर पंचायत अध्यक्ष सुनील यादव गुड्डू व अधिशासी अधिकारी पूजा परिहार द्वारा जर्जर सड़कों का निरीक्षण कर कार्य शुरु कर दिया जाएगा। नगर पंचायत अध्यक्ष सुनील यादव गुड्डू ने बताया कि चांदनी मार्केट और जिला जज आवास से लेकर संतोषी माता मंदिर तक पुरानी सड़कों को तोड़कर नाली के साथ नए सीसी रोड का निर्माण कराया जाएगा। साथ ही मठ वाली गली से पुरानी बाजार तक सीसी रोड बनाया जाएगा। वही वार्ड नंबर सात किदवई नगर में स्थित मौर्य बस्ती में जर्जर हो चुके सड़क को भी सीसी रोड बनाया जाएगा। इसके साथ महेंद्र टेक्निकल काॅलेज से सामने आवास पर जा रहे सड़क को सीसी रोड बनाया जाएगा। वहीं इलिया रोड से शंकर मोड़ तक नाली निर्माण का कार्य कराया जाएगा। जिससे लोगों की आवागमन के लिए कठिनाइयों का सामना नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि नगर की सड़कों को साफ व सुरक्षित रखना नगर पंचायत का दायित्व है। जल्द ही इस जर्जर सड़कों का निरीक्षण किया जाएगा और इन पर कार्य शुरू करा दिया जाएगा।