एसपी आकाश पटेल ने शनिवार की रात मुगलसराय थाना प्रभारी राजेश सिंह को निलंबित कर दिया। एसपी के मुताबिक नगर में तय समय सीमा के बाद भी शटर के नीचे से शराब बेचे जाने के मामले में लापरवाही और रिंग रोड लूट की घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों को समय से न देने पर यह कार्रवाई हुई है। राजेश सिंह की छह दिन पहले ही मुगलसराय थाने पर पोस्टिंग हुई थी।
2 अप्रैल को नगर में शराब की दुकान बंद होने के बाद भी अवैध रूप से शराब बिक्री का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसके बाद भी मुग़सलराय कोतवाली प्रभारी राजेश कुमार सिंह की ओर से कोई कार्रवाई भी की गई। वही 2 अप्रैल को रात में लगभग एक बजे कुरहना गांव से अंडरपास के पास हुई लूट के मामले में उच्चाधिकारियों को अगले दिन तक सूचना नहीं दी गई। दोनों मामलों का संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने दोनों प्रकरण के संबंध में प्रभारी निरीक्षक मुगलसराय राजेश कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए जांच का आदेश दिया। एसपी ने स्पष्ट किया कि कार्य के प्रति लापरवाह पुलिसकर्मियों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।