पीडीडीयू नगर। बारिश के बाद नगर में नारकीय स्थिति बन चुकी है। बारिश का पानी उतरने के बाद सड़कों व गलियों में कीचड़ हो गया है। वहीं कई स्थानों पर अभी भी जलभराव की स्थिति बनीं हुई है। हर बार जनप्रतिनिधि बोर्ड की बैठक में साफ-सफाई के नाम पर सफाई विभाग पर लाखों रुपये का बजट स्वीकृत किया जाता है। झाड़ से लेकर कूड़ा उठाने वाली गाड़ियों व कर्मचारियों पर खर्च किया जाता है। इसमें आउट सोर्सिंग के माध्यम से भी सफाई के कार्य में कमियों को लगाया गया है। इन सबके बावजूद भी नगर में सफाई व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है। नगर में सड़कों और गलियों में न तो ठीक तरीके से झाड़ लगाया जाता है और न ही नालियों की सफाई होती है। बारिश के बाद से नगर के 25 वार्डों की स्थिति काफी दयनीय बनी हुई है। सड़क पर गड्ढों में पानी भरा हुुआ है वहीं कई सड़कों पर कीचड़ भी लगा हुआ है। यहां तक कि जीटी रोड किनारे नालो से निकाला गया सिल्ट भी नहीं उठाया गया है। इस संबंध में ईओ नगर पालिका कृष्ण चंद्र ने बताया कि नगर में हर रोज सफाई कराई जाती है। इसके बाद भी कहीं गंदगी की शिकायत मिलती है तो वहां सफाईकर्मियों को भेजकर साफ-सफाई कराई जाती है।