पीडीडीयू नगर। नगर पालिका क्षेत्र से निकलने वाले कूड़े के निस्तारण के लिए सकलडीहा तहसील क्षेत्र के सलेमपुर में बन रहा एमआरएफ (मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी) सेंटर मार्च तक बनकर तैयार हो जाएगा। इससे कूड़ा डंप करने से लेकर उसके निस्तारण की समस्या का समाधान हो जाएगा। सेंटर व चहारदीवारी का निर्माण कार्य लगभग 54 लाख रुपये की लागत से कराया जा रहा है।
नगर पालिका पीडीडीयू नगर क्षेत्र के 25 वार्डों से प्रत्येक दिन लगभग 35 टन कूड़ा निकलता है। पालिका कर्मी कूड़े को आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क किनारे फेंक देते हैं। इसके बाद कूड़े के निस्तारण के लिए भी काफी परेशानी होती है। लेकिन मार्च माह के अंत तक कूड़ा डंप करने और उसके निस्तारण की समस्या का समाधान हो जाएगा।
दरअसर नगर पालिका को सकलडीहाला तहसील क्षेत्र अंतर्गत सलेमपुर में लगभग डेढ़ हेक्टेयर भूमि जिला प्रशासन की ओर से दी गई है। जहां कूड़ा डंपिंग यार्ड बनाये जाने के साथ ही एमआरएफ (मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी) सेंटर बनाया जा रहा है। डेढ़ हेक्टेयर भूमि की चहारदीवारी निर्माण पर लगभग बीस लाख रुपये तथा एमआरएफ सेंटर के निर्माण में 34 लाख रुपये से इसका कार्य पूरा कराया जा रहा है। मार्च के अंत तक सेंटर को चालू कर दिया जाएगा।
पीडीडीयू नगर। सकलडीहा तहसील क्षेत्र के सलेमपुर गांव में बन रहे एमआरएफ में सूखे और गीले कचरे को अलग-अलग किया जाएगा। इसके बाद गीला कचरा खाद बनाने के कार्य में आयेगा। वहीं सूखे कचरे में से प्लास्टिक समेत विभिन्न सामग्रियों को अलग-अलग किया जाएगा। इसके बाद पालिका सभी को बेचेगी। इससे नगर पालिका परिषद की आय में बढ़ोत्तरी होगी। संवाद
स्वचछ भारत मिशन के तहत सलेमपुर में एमआरएफ सेंटर बनाया जा रहा है। मार्च तक उसे शुरू करा दिया जाएगा। -कृष्ण चंद्र, ईओ, नगर पालिका पीडीडीयू नगर