शिकारगंज। रावर्ट्सगंज सुरक्षित लोकसभा क्षेत्र से सपा सांसद छोटेलाल खरवार ने वाराणसी मंडल के लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता को पत्र लिखकर ऑफलाइन टेंडर में हो रहे भ्रष्टाचार की तरफ इशारा करते हुए ऑनलाइन टेंडर कराने को कहा है। उन्होंने इस मुद्दे पर जनहित याचिका दाखिल करने की चेतावनी दी है।
लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता अभिनेश कुमार को लिखे पत्र में सांसद ने चंदौली जिले में निर्माण खंड में ऑफलाइन टेंडर के जरिए कराए गए कार्यों में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है। साथ ही सारे काम के लिए ऑनलाइन टेंडर कराने को कहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि चकिया विधानसभा क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग के निर्माण खंड द्वारा कराए गए 50 कार्यों के ऑफलाइन टेंडर में सरकारी धन की लूट की गई है। उन्होंने आगाह किया कि यदि ऑफलाइन टेंडर की प्रथा समाप्त नहीं की गई तो जनहित याचिका दाखिल करेंगे। राबर्ट्सगंज के सपा सांसद छोटेलाल खरवार का कहना है कि भ्रष्टाचार की शिकायत मिली है। इस मसले पर लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता को पत्र लिखा गया है। रोक नहीं लगने पर आगे का निर्णय लिया जाएगा।