सकलडीहा। वात्सल्य और ज्ञान की देवी मां स्कंद माता की पूजा के लिए सोमवार को सुबह से शाम तक देवी मंदिरों पर भजन कीर्तन के साथ अन्य कार्यक्रम चलते रहे। देवी मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ रही। कस्बा से लेकर ग्रामीण इलाकों में महिला और पुरुष श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। इस दौरान कस्बा के दुर्गा माता, काली माता, सम्मय माता और भवानी माता के मंदिरों में भक्तों ने माला, फूल, प्रसाद और चुनरी चढ़ाकर पूजन-अर्चन करते रहे।
सकलडीहा कस्बे के प्राचीन काली माता मंदिर, दुर्गा माता मंदिर, सम्मय माता मंदिर, बउरहिया माता मंदिर नागेपुर और भवानी माता मंदिर सहित ग्रामीण इलाकों के देवी मंदिरों में महिला, पुरुष, युवक और युवतियों की भारी भीड़ उमड़ी रही। श्रद्धालु आस्था और श्रद्धा के साथ पूजा-अर्चना कर अपनी मन्नतें पूरी होने की कामना कर रहे थे। मंदिरों में बजते घंटों और देवी गीतों से पूरा माहौल भक्तिमय हो रहा। पुजारी चुनमुन चौबे ने बताया कि जो भक्त सच्चे मन से माता कूष्मांडा देवी की आराधना करता है उसकी मनोकामना पूरी होती है और सारे कष्टों का निवारण होता है। संवाद
रिपोर्ट- चंद्रजीत पटेल