मोहनिया। थाना क्षेत्र के पटना मोड़ के समीप शनिवार की दोपहर एक ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार महिला व उसकी बेटी की मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया। वहीं घटना से नाराज ग्रामीणों ने ट्रक के शीशे तोड़ दिए और मार्ग को जाम कर दिया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाबुझाकर शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भभुआ स्थित सदर अस्पताल भेज दिया।
थाना अध्यक्ष लल्लन कुमार ने बताया कि भभुआ थाना क्षेत्र के हरिहरपुर गांव निवासी मुन्ना सिंह शनिवार को अपने ससुर के श्राद्धकर्म से अपनी पत्नी किरण (26) व पुत्री प्रीति (04) के साथ बाइक से वापस लौट रहे थे। जैसे ही वह पटना मोड़ के पास पहुंचे कि वहां सड़क निर्माण के डायवर्जन के लिए डायवर्ट किए गए रूट पर पीछे से आ रहे ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। इस दौरान किरण व प्रीति सड़क पर गिर गई और ट्रक की चपेट में आ गईं। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक चला रहा मुन्ना थोड़ी दूर गिरकर घायल हो गया। घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया। ग्रामीणों ने ट्रक के शीशे तोड़ दिए। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। घटना के बाद से परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है।