सड़क के चौड़ीकरण के लिए मंगलवार को बाजार में बुल्डोजर चला। दिन भर चहनिया बलुआ मार्ग पर पांच सौ मीटर तक चले अभियान में सौ से अधिक मकानों के बारजा, टीन शेड, चबूतरा आदि को तोड़ दिया गया। इस अभियान से बाजार में खलबली की स्थिति रही। हालांकि कई थानों की फोर्स पहुंचने की वजह से कोई विरोध नहीं हुआ। इस दौरान सड़क से चालीस फीट की नापी की गई।
गंगा नदी पर बलुआ और सैदपुर पुल निर्माण के बाद सड़कों के चौड़ीकरण शुरू हो गया है। चहनियां सैदपुर, चहनियां बलुआ, चहनियां सकलड़ीहा, चहनियां हिंगुतर मार्ग को चौड़ा किया जाना है। पीडब्लूडी ने पूरी कार्य योजना तैयार कर चौड़ीकरण की जद में आने वाले स्थल की नापी करायी है। एक सप्ताह पूर्व जद में आने वाले मकानों को नोटिस दी गई कि वे अपना निर्माण स्वयं हटा लें, अन्यथा निर्माण पर बुल्डोजर चलाया जाएगा। यही नहीं इसका खर्च भी निर्माण करने वालों से वसूला जाएगा। इसके बाद से ही बाजार में खलबली की स्थिति रही। लोगों ने एसडीएम और डीएम से गुहार भी लगाई लेकिन सुनवाई नहीं हुई। मंगलवार को दोपहर में 12 बजे एसडीएम सकलडीहा जितेन्द्र कुशवाहा के नेतृत्व में राजस्व, पीडब्लूडी की टीम पुलिस फोर्स के साथ पहुंची। बलुआ थाने के अलावा अन्य कई थानों की पुलिस बल की मौजूदगी में सड़क की नापी हुई।
फिर से नापी शुरू की गई और बारजा, चबूतरा, टीन शेड आदि को तोड़ना शुरू किया गया। चहनियां बलुआ मार्ग पर दोपहर बारह बजे से शाम पांच बजे तक सौ से अधिक दुकान मकान के निर्माण हटाए गए। इस दौरान बाजारवासियों ने अधिकारियों से 27 जनवरी को मौनी अमावस्या पर बलुआ में लगने वाले मेले के मद्देनजर अभियान रोकने की मांग की। इस पर एसडीएम जितेन्द्र कुमार ने 27 तक भवनों को न गिराए जाने की बात कही। कहा कि मौनी अमावस्या पर बलुआ घाट पर मेला लगेगा। ऐसे में यहां के लोग व्यापार कर सकें। इसलिए अभियान को रोका गया है। उसके बाद यदि बाजार के लोग स्वयं निर्माण नहीं हटाते हैं तो भवनों पर बुल्डोजर चलाया जाएगा। इस दौरान पीडब्लूडी के जेई सुंदरम मिश्र, तहसीलदार नरायन कुमार, कानूनगो वासुदेव यादव, लेखपाल शिवपाल दुबे के साथ सकलडीहा, धानापुर की पुलिस मौजूद रहे।