पीडीडीयू नगर। नशे के अवैध कारोबार पर लगाम लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। बावजूद इसके मादक पदार्थों की तस्करी धड़ल्ले से जारी है। जनवरी माह से अब तक सबसे अधिक बरामदगी मुगलसराय कोतवाली पुलिस ने की है। जिले की पुलिस ने छह माह में एक करोड़ से अधिक की हेरोइन बरामद कर चुकी है। सूत्रों के अनुसार जिले में हेरोइन की सबसे अधिक आपूर्ति बाराबंकी और गाजीपुर से होती है। पुलिस इनकी जड़ों को खंगालने में जुटी हुई है।
जिले में हेरोइन जैसे मादक पदार्थों की तस्करी को रोकने के लिए पुलिस की ओर से लगातार कार्रवाई की जा रही है। मुगलसराय कोतवाली पुलिस ने जनवरी माह से अब तक लगभग एक करोड़ रुपये की हेरोइन बरामद की है। दरअसल जिले में बाराबंकी और गाजीपुर से होरोइन की सप्लाई होती है। सूत्रों के अनुसार बड़ी मात्रा में हेरोइन बाराबंकी से वाराणसी होते हुए जिले में आती है। वहीं छोटी-छोटी मात्राओं में हेरोइन की सप्लाई गाजीपुर से की जाती है। मुगलसराय कोतवाली पुलिस ने दो दिन पूर्व ही अस्सी लाख रुपये की हेरोइन बरामद की थी। इससे पहले भी पुलिस 20 लाख से अधिक की हेरोइन बरामद कर चुकी है। इस संबंध में सीओ सदर कुंवर प्रभात सिंह ने बताया कि हेरोइन तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस की ओर से इनके अन्य नेटवर्क को भी खंगाला जा रहा है। ताकि जिले में हेरोइन और अन्य मादक पदार्थों की तस्करी को रोका जा सके और तस्करों पर नकेल कसी जा सके।