चंदौली। बदलते मौसम में खास तौर से बच्चों में वायरल फीवर व खांसी-जुकाम की समस्या बढ़ गई है। जिला अस्पताल में रोजाना वायरल फीवर, खांसी-जुकाम व डायरिया के शिकार औसतन पांच बच्चे भर्ती किए जा रहे हैं। बाल रोग विशेषज्ञ समेत अन्य डाॅक्टर रोजाना 300 से ज्यादा बच्चों का इलाज कर रहे हैं। डॉक्टर अभिभावकों को इस मौसम में बच्चों के प्रति विशेष सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं।
बदलते मौसम का असर बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। बच्चे वायरल फीवर, खांसी-जुकाम और डायरिया की चपेट में आ जा रहे हैं। जिला अस्पताल में सोमवार को सुबह नौ बजे से ही पर्चा बनवाकर अभिभावकों ने अपने बच्चों को डॉक्टरों को दिखाना शुरू कर दिया। पंडित कमलापति त्रिपाठी संयुक्त जिला चिकित्सालय में रोजाना 300 से ज्यादा बच्चे डॉक्टरों के यहां ओपीडी में पहुंच रहे हैं। इसमें अकेले बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. राणा केश ने सोमवार को लगभग 70 बच्चों को ओपीडी में देखकर इलाज किया। इनमें डायरिया, खांसी-जुकाम, वायरल बुखार से पीड़ित बच्चे ज्यादा रहे। डाॅ. राणा केश ने बताया कि बदलते मौसम का बच्चों पर अधिक प्रभाव पड़ता है। बच्चों को हल्के तरल पदार्थ जैसे मूंग की दाल की खिचड़ी, उबले चावल का पानी, दलिया, ओआरएस आदि का सेवन कराना चाहिए। बच्चे की नींद पूरी हो, इसका भी ख्याल रखा जाना चाहिए। ताकि बच्चे स्वस्थ रहें।