फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Chandauli News: 20 से ज्यादा स्कूलों में अब भी टाट पर पढ़ाई

विज्ञापन
सकलडीहा में फर्श पर बैठकर पढ़ाई करतीं छात्राएं। संवाद
विज्ञापन
एक तरफ स्कूलों को बनाया जा रहा स्मार्ट, दूसरी तरफ फर्श पर बैठकर पढ़ने को मजबूर विद्यार्थी
विज्ञापन

सर्द हवाओं के बीच ठिठुरते हुए चल रहीं कक्षाएं
पीडीडीयू नगर। परिषदीय स्कूलों की सूरत बदलने के लिए कायाकल्प योजना के तहत करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं। स्कूलों में रंगाई-पुताई से लेकर फर्श, शौचालय, पेयजल और अन्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन जिले के 20 से ज्यादा स्कूलों में व्यवस्था अब भी नहीं सुधरी है। वहां पर विद्यार्थी अब भी टाट पट्टी पर बैठ कर पढ़ रहे हैं।
जिले में 1185 परिषदीय स्कूलों में 1.83 लाख विद्यार्थी पंजीकृत हैं। एक तरफ शिक्षा विभाग बच्चों को अच्छी शिक्षा देने के लिए स्मार्ट क्लास तैयार करा रहा है, वहीं दूसरी तरफ 20 से अधिक विद्यालयों में बच्चे आज भी टाट-पट्टी पर बैठकर पढ़ रहे हैं। इनमें 10 विद्यालय ऐसे हैं, जहां तीसरी से पांचवीं तक के बच्चे डेस्क पर बैठते हैं, जबकि दूसरे क्लासरूम में पहली से तीसरी तक के बच्चे टाट-पट्टी पर बैठ कर पढ़ते हैं। ठंड की शुरुआत हो चुकी है। टाट-पट्टी पर बैठने वाले बच्चों को ठंडे फर्श पर बैठकर पढ़ना पड़ता है। प्राथमिक विद्यालय औरवाटांड, बहबलपुर, पूर्व माध्यमिक विद्यालय सुल्तानपुर, कंपोजिट विद्यालय परसिया, गावत और तितीरी दक्षिणी आदि में बच्चे टाट-पट्टी पर बैठ रहे हैं।
विज्ञापन

केस : एक
चहनियां ब्लॉक के सोनबरसा प्राथमिक विद्यालय में 115 बच्चे पंजीकृत हैं। तीन कमरों वाले स्कूल के एक कमरे में कार्यालय चलता है, जबकि दो कमरों में बच्चे पढ़ाई करते हैं। जिस कक्ष में तीसरी से पांचवीं तक के बच्चे पढ़ते हैं, वहां डेस्क-बेंच है। वहीं, दूसरे कमरे में पहली और दूसरी कक्षा के 50 से अधिक बच्चे टाट-पट्टी पर बैठकर पढ़ाई करते हैं।

केस : दो
सकलडीहा ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय बहबलपुर में 120 छात्र पंजीकृत हैं। यहां पर्याप्त संख्या में डेस्क-बेंच की आपूर्ति नहीं की गई है। ऐसे में 50 से अधिक बच्चे दरी पर बैठकर पढ़ाई करते हैं। इसी तरह नोनार प्राथमिक विद्यालय में भी लगभग 60 बच्चे टाट-पट्टी पर बैठ रहे हैं।

केस : तीन
नौगढ़ ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय औरवाटांड में 110 बच्चे पंजीकृत हैं। यहां पर 30 से अधिक बच्चे टाट-पट्टी पर बैठकर पढ़ाई करते हैं। विद्यालय की ओर से कई बार डेस्क-बेंच की मांग की गई है, लेकिन यहां डेस्क उपलब्ध नहीं हुए।

कोट
अधिकतर विद्यालयों में डेस्क-बेंच की व्यवस्था की जा चुकी है। वर्तमान में पहली और दूसरी कक्षाओं के लिए 1995 सेट, जबकि तीसरी से पांचवीं कक्षाओं के लिए 2232 सेट डेस्क की मांग की गई है। आशा है कि जल्द ही इसकी आपूर्ति हो जाएगी।
सचिन कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, चंदौली

इनसेट
बोले अभिभावक
बच्चों को अच्छी शिक्षा देने के साथ बैठने की उचित व्यवस्था भी जरूरी है। ठंड में जमीन पर दरी बिछाकर बैठने से परेशानी होती है। विभाग को जल्द से जल्द सभी कक्षाओं में डेस्क-बेंच की व्यवस्था करानी चाहिए।
ईश्वर पहलवान, मलोखर

सरकार स्कूलों की सुविधाएं बेहतर बनाने के लिए बजट खर्च कर रही है, लेकिन लाभ हर विद्यालय तक नहीं पहुंच पा रहा है। कायाकल्प योजना के दावों पर सवाल उठना स्वाभाविक है। अधिकारियों को कमियां दूर करानी चाहिए।
मुन्ना सिंह, हृदयपुर

स्कूलों में स्मार्ट क्लास और अन्य सुविधाएं विकसित की जा रही हैं, लेकिन बच्चों के लिए बुनियादी जरूरत बैठने की व्यवस्था है। ठंड में फर्श पर बैठने से बच्चों को सर्दी का डर रहता है।
विज्ञापन

सुधार यादव, छोटू सराय

विद्यालय में बच्चों की संख्या के हिसाब से डेस्क-बेंच की व्यवस्था होनी चाहिए। एक कक्षा के बच्चों को बेंच पर और दूसरी कक्षा के बच्चों को जमीन पर बैठाना ठीक नहीं है।
छोटे प्रजापति, सोनबरसा
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें