नियामताबाद। मुगलसराय विधायक साधना सिंह ने सोमवार को विकासखंड के लाखापुर गांव में गेहूं क्रय केंद्र का उद्घाटन किया। साथ ही उन्होंने किसानों से अपनी उपज को सरकार द्वारा निर्धारित समर्थन मूल्य पर बेचे जाने का आग्रह किया। इस मौके पर विकासखंड के ख्यालगढ़ गांव के किसान नरेंद्र सिंह का 40 कुंतल गेहूं सबसे पहले क्रय किया गया।
विकासखंड में सिर्फ एक गेहूं क्रय केंद्र सेमरा गांव में खोला गया था। इसे लेकर क्षेत्रीय किसानों में रोष था। उन्होंने विधायक से नियामताबाद के आसपास गेहूं क्रय केंद्र खोले जाने की मांग की थी। किसानों की मांग के बाद विधायक की पहल पर विकासखंड क्षेत्र में दो नए गेहूं क्रय केंद्र खोले गए। इनमें एक लाखापुर में खोला गया गया जबकि दूसरा नईकोट गांव में खोला जाएगा। विधायक ने कहा कि अब क्षेत्रीय किसानों को गेहूं विक्रय के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। उनकी उपज की बिक्री नियामताबाद में ही हो जाएगी। नईकोट में केंद्र खुल जाने से किसानों को और अधिक लाभ होगा। उन्होंने किसानों से आग्रह किया कि वे अपना गेहूं क्षेत्रीय केंद्र पर ही विक्रय करें। सलाह दी कि गेहूं खरीद में बिचौलियों से दूर रहें और सरकार द्वारा समर्थित मूल्य पर ही गेहूं का विक्रय करें। वहीं जिला विपणन अधिकारी अनूप श्रीवास्तव ने कहा कि लाखापुर क्रय केंद्र पर किसानों को हर सुविधा दी जाएगी और किसानों की उपज का सही मूल्य सही समय पर दिया जाएगा। इस मौके पर राघवेंद्र सिंह, प्रमोद तिवारी, सतीश सिंह, सोनू सिंह रघुवंशी, बृजेश बिंद, पंकज बिंद, अनुराग सिंह, अमरदेव बिंद आदि मौजूद रहे।