पीडीडीयू नगर। मुगलसराय कोतवाली में बदमाशों के हौसले बुलंद हो चुुके हैं। यूपी पुलिस में एलआईयू विभाग में सिपाही पद पर तैनात पुलिसकर्मी के हिनौली गांव स्थित मकान में मंगलवार की रात छह से सात की संख्या में बदमाश घुस गए। इस दौरान बदमाशों ने बुजुर्ग दंपति का गला और मुंह दबाया। घर में जब कुछ नहीं मिला तो बदमाश बुजुुर्ग महिला के कान से सोने की बाली नोंचकर भाग गए। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। वहीं इस घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
चकिया के मूल रूप से रहने वाले पंकज यादव यूपी पुलिस में सिपाही के पद पर कार्यरत हैं। वर्तमान में वह बलरामपुर जिले में एलआईयू में तैनात हैं। उन्होंने मुगलसराय कोतवाली के हिनौली गांव में भी एक मकान बनाया है। यहां उनकी बुजुर्ग माता विंध्यवासिनी देवी (65) और पिता हीरालाल यादव (68) रहते हैं। मंगलवार की रात दोनों एक कमरे में सो रहे थे। विंध्यवासिनी देवी ने बताया कि आधी रात के वक्त घर में कुछ लोग घुस आए। बदमाश उनका और उनके पति का गला दबाने लगे। जब उनका दम घुटने लगा तो उनकी नींद खुल गई। बताया कि इस दौरान बदमाश उनके पति हीरालाल से कुंजी के बारे में पूछने लगे। मुंह दबा होने के कारण दोनों ही लोग कुछ बोल नही पा रहे थे। बताया कि लगभग बीस से पचीस मिनट बाद सड़क पर गाड़ी के आने की जैसे ही आवाज सुनाई दी कि सभी लोग वहां से भाग गए। इस दौरान एक बदमाश ने उनके कान से सोने की बालियां नोंच ली। जब उन्होंने शोर मचाया तो गांव के लोग एकत्र हो गए। कुछ देर बाद गश्त करते हुए पुलिस भी मौके पर पहुंची और पूछताछ की। बुधवार को भी पुलिस उनके घर पूछताछ के लिए पहुंची। घटना के बाद घर पहुंचे परिवार के अन्य सदस्यों ने बताया कि पड़ोस में लगे सीसी कैमरे में छह से सात लोग घर के भीतर आते दिखाई दिये हैं। सीओ सदर रामवीर सिंह ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी ।
पीडीडीयू नगर । मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के हिनौली गांव में हुई घटना के बाद से लोगों में गुस्सा है। ग्रामीणों ने बताया क्षेत्र में आसपास में कई प्लाट खाली हैं। ऐसे में शाम को सुनसान होने के बाद आसपास क्षेत्र में जुआरियों और नशेड़ियों का अड्डा बन जाता है। इससे लोगों को काफी परेशानी होती है। संवाद