पीड़ित अरविंद यादव गले का निशान दिखाते हुए। संवाद
पड़ाव। मढि़या गांव में मंगलवार की देर शाम पुराने विवाद में मनबढ़ युवकों ने मिलकर गांव के ही अरविंद यादव की जमकर पिटाई कर दी। आरोप है कि इस दौरान मनबढ़ों ने धारदार हथियार से उसकी गर्दन पर प्रहार कर दिया। इसके बाद वहां से भाग गए। घटना के बाद परिवार वालों ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। बाद में पीड़ित ने पुलिस चौकी पर तहरीर दी।
मढि़या गांव में अरविंद यादव का घर पानी टंकी वाली गली में स्थित है। दो दिन पहले गांव का ही एक युवक गली में तेज गति से बाइक चलाकर जा रहा था। किसी अनहोनी की आशंका पर अरविंद ने बाइक चालक को रोककर तेज गति से वाहन चलाने से मना किया। इस पर दोनों युवकों में आपस में कहासुनी हो गई थी।
इससे नाराज युवक अपने मित्रों के साथ मंगलवार की देर शाम घर के बाहर खड़े अरविंद को मारने-पीटने लगा। मारपीट के दौरान युवक अरविंद की गर्दन पर धारदार हथियार से हमला कर भाग गए। परिजनों ने पुलिस को घटना की सूचना देने के साथ ही घायल को निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया और अज्ञात लोगों के खिलाफ जलीलपुर चौकी पर तहरीर दी है।
इस संबंध में मुगलसराय कोतवाली प्रभारी विजय प्रताप सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।