जनपद में जुलाई में हो रही सेना भर्ती के मद्देनजर बुधवार को वाराणसी से आए
सैन्य अधिकारियों ने मुख्यालय स्थित पालीटेक्निक कालेज, महेंद्र टेक्निकल
इंटर कालेज व डिग्री कालेज के मैदान का निरीक्षण किया।
इस दौरान
सैन्य अधिकारियों ने भर्ती के दौरान अभ्यर्थियों की भीड़ को काबू करने के
साथ ही उनकी सहूलियत के मद्देनजर विभिन्न बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया।
गौरतलब
है 8 से 17 जुलाई तक जनपद में सेना भर्ती की प्रक्रिया पूर्ण की जाएगी।
इसमें छह जिले के अभ्यर्थी भाग लेेंगे। इसकी तैयारियों के मद्देनजर बुधवार
को कर्नल विनीत प्रभात के नेतृत्व में सेना भर्ती अधिकारी राजेश यादव और
मेडिकल आफिसर वीके वर्मा ने सर्वप्रथम महेंद्र टेक्निकल इंटर कालेज के
मैदान का मुआयना किया। इस दौरान वहां कालेज परिसर में कमरों व पेयजल सहित
अन्य सुविधाओं की जानकारी ली।
इसके बाद सैन्य अधिकारियों की टीम राजकीय
डिग्री कालेज पहुंची। वहां भी मैदान व कमरों का मुआयना करने के लिए ही पीने
के पानी आदि सुविधाओं को अधिकारियों ने देखा। बरसात होने की स्थिति से
निबटने के लिए सैन्य अधिकारियों चर्चा की। अंत में सभी अधिकारी पालीटेक्निक
कालेज के मैदान पर पहुंचे, जहां उन्होंने रजिस्ट्रेशन, मेडिकल, दौड़ आदि
प्रक्रियाओं को पूर्ण कराने के लिए आपस में विचार-विमर्श किया।
कर्नल विनीत
प्रभात ने सेना भर्ती अधिकारी से कहा कि बारिश होने पर भर्ती प्रक्रिया को
पूर्ण करने की व्यवस्था को बनाए रखना होगा। वहीं भर्ती के दौरान सकलडीहा
रोड पर यातायात व्यवस्था को रोकने के साथ ही अभ्यर्थियों की सहूलियतों के
बारे में भी बातचीत की।
सेना भर्ती अधिकारी राजेश यादव ने बताया कि 25 मई
तीन बजे सेना भर्ती के मद्देनजर जिलाधिकारी व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ
बैठक की जाएगी। इसके बाद निर्णय लिया जाएगा कि भर्ती की तमाम व्यवस्थाएं
किस प्रकार सुनिश्चित होंगी।