चकिया । क्षेत्र में बिना लाईसेंस दवा की दुकान का संचालन व एक्सपायरी दवा बेचने वालों के खिलाफ एसडीएम चकिया ने औषधि विभाग की टीम के साथ मिलकर बुधवार को कड़ी कार्रवाई की। इस दौरान एसडीएम ने बिना लाइसेंस दवा बेचने के आरोप में एक दुकान को सीज करते हुए संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किये के निर्देश दिये। वहीं एक्सपायरी दवा बेचने के मामले में भी मेडिकल स्टोर संचालक के खिलाफ कार्रवाई की अनुसंशा भी की।
कोरोना संक्रमण काल में मरीजों की संख्या बढ़ने के साथ ही दवाओं की बिक्री में काफी इजाफा हुआ है। इस संक्रमण काल में मुनाफा कमाने के चक्कर में बिना लाइसेंस भी मेडिकल स्टोर के संचालन से गुरेज नहीं कर रहे है। वहीं जरूरतमंदों को एक्सपायरी दवाओं की बिक्री भी की जा रही है। एसडीएम चकिया अजय मिश्रा को मंगलवार की शाम एक महिला ने शिकायत की कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के पास स्थित एक दवा की दुकान से एक्सपायरी दवाओं की बिक्री की जा रही है। मामले को संज्ञान में लेते हुए एसडीएम ने औषधि विभाग की टीम को जांच के निर्देश दिये। बुधवार को असिस्टेंट कमिश्नर औषधि केजी गुप्ता व ड्रग इंस्पेक्टर आरएन गुप्ता के साथ एसडीएम दवा की दुकान पर पहुंचे। जहां अधिकारियों ने दुकान की गहना से जांच की और रजिस्ट्रेशन के दस्तावेज की मांग की । जिसपर दुकान संचालक रजिस्ट्रेशन नहीं दिखा पाया। एसडीएम ने कार्रवाई करते हुए दुकान को सीज करवा दिया। वहीं दुकान संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किये जाने के निर्देश दिये। इसके बाद टीम वहां पास में स्थित दूसरे मेडिकल स्टोर पर पहुंची। जहां जांच के दौरान एक्सपायरी दवाएं बरामद हुई। इसके बाद एसडीएम ने मेडिकल स्टोर संचालक के खिलाफ कार्रवाई के लिए निर्देशित किया। दो मेडिकल स्टोर संचालकों के खिलाफ कार्रवाई से क्षेत्र के अन्य मेडिकल स्टोर संचालकों में हड़कंप की स्थिति बनीं रही। कई मेडिकल स्टोर पर दुकानदार ताला लगाकर भाग गये।