सपा और भाजपा के खिलाफ निकाली भड़ास
सभा में बसपा कार्यकर्ताओं ने मायावती को मुख्यमंत्री बनाने का लिया संकल्प
अमर उजाला ब्यूरो
चंदौली।
बसपा कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को मुख्यालय पर पार्टी की राष्ट्रीय
अध्यक्ष मायावती का 60वां जन्मदिन धूमधाम के साथ मनाया। इस दौरान केक काटकर
प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री के दीर्घायु होने की कामना की और उन्हें
2017 में पांचवीं दफा सूबे का मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प लिया।
इस दौरान
वक्ताओं ने सपा और भाजपा सरकार के खिलाफ अपनी भड़ास भी निकाली।
जन्मदिन
समारोह को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करते हुए वाराणसी और आजमगढ़ मंडल के
जोनल कोआर्डिनेटर डा. लक्ष्मीकांत ने कहा कि सुश्री मायवती ने अपना पूरा
जीवन बहुजन समाज के नाम समर्पित कर दिया।
कहा कि कार्यकर्ता यह संकल्प लें
कि यहां से जाने बाद गली-गली, चट्टी-चौराहे पर लोगों को बसपा की नीतियों
के बारे में बताएंगे। जहां भी रहेंगे बसपा के नाम की ही चर्चा करेंगे और
यह सुनिश्चित करेंगे कि 2017 में प्रदेश से जंगलराज समाप्त होगा और बसपा
की सरकार बनेगी।
एमएलसी विनीत सिंह ने कहा कि हाल ही में हुए जिला
पंचायत के चुनाव में सपा का तांडव देखने को मिला। दबाव बनाकर जिला पंचायत
अध्यक्षों का निर्विरोध चुनाव कराया गया। लेकिन सपा का खेल अब अधिक दिनों
तक नहीं चलने वाला है।
अध्यक्षीय संबोधन में जिलाध्यक्ष घनश्याम प्रधान
ने कहा कि सपा सरकार से त्रस्त जनता अब बसपा की तरफ देख रही है। जो सपा
सरकार के पक्षधर थे वे अब पश्चाताप कर रहे हैं। जनसमूह देखकर यह साफ हो
गया है कि 2017 का चुनाव बसपा का ही है।
विधायक बब्बन चौहान ने कहा कि
सपा और भाजपा सरकार ने जनता को ठगने का काम किया है। कहा कि पंचायत चुनाव
में सपा ने जो भ्रष्टाचार किया है उसे सदन में उठाउंगा। कार्यक्रम के
दौरान साठ लोग अन्य पार्टियों को छोड़कर बसपा में शामिल हुए।
इस अवसर पर
जोन कोआर्डिनेटर हरीश चंद्र गौतम, पूर्व विधायक जितेंद्र कुमार,
तिलकधारी बिंद, गुलशेर अरशद सिद्दीकी, सुभाष चंद्र, मोनू जायसवाल, बेलाल
अंसारी, उमापति, महेंद्र राव, संजय कुमार, गुल्लू गौतम, प्रदीप कुमार,
अक्षयबर भारती, अजय कुमार आदि उपस्थित रहे। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष
घनश्याम प्रधान ने की।