शहाबगंज। क्षेत्र के रसिया के सिवान में रविवार की देर रात विवाहिता का शव मिला। चार मार्च को शादी होने के बाद वह 12 अप्रैल को ससुराल से मायके आई थी। रविवार की शाम को फोन पर बात करते हुए शौच के लिए खेत की तरफ गई थी। काफी देर बाद नहीं लौटी तो पिता खोजते हुए सिवान पहुंचे, जहां खेत में उसकी लाश मिली। गर्दन पर चोट के निशान थे। पिता ने हत्या का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। रसिया गांव निवासी हीरा पाल की पुत्री रेनू की शादी ग्राम ऊकनी डेढ़ावल चौकी सकलडीहा के ज्ञानेंद्र पाल के साथ 4 मार्च को हुई थी। रेनू शादी के बाद 12 अप्रैल को अपने मायके आई थी। परिजनों ने बताया कि रविवार की शाम को मोबाइल पर बात करते हुए रेनू शौच शौच के लिए सिवान गई थी। काफी देर बाद भी घर नहीं लौटी तो परिवार वालों ने खोजबीन शुरू की। परिजन सिवान पहुंचे तो खेत में उसकी लाश पड़ी थी। घटना की सूचना पाकर पुलिस पहुंची। साथ ही फोरेंसिक टीम बुलाकर घटनास्थल की जांच कराई गई। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। युवती के पिता ने अज्ञात लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। थाना प्रभारी मिर्जा रिजवान बेग ने बताया कि मृतका के गले पर चोट के निशान हैं। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण पता चलेगा।