पीडीडीयू नगर। कोरोना संक्रमण पर नियंत्रण के लिए लगाए गए कर्फ्यू के 59 घंटे बाद सोमवार को सुबह बाजार तो खुले पर रौनक नहीं लौट सकी। बाजार खुलने के बाद भी पूरे दिन सड़कों पर सन्नाटा रहा। दुकानों पर भी दुकानदार के अलावा ग्राहक नहीं दिखे। हमेशा गुलजार रहने वाली सब्जी मंडी भी सुनसान रही।
कोरोना महामारी की दूसरी लहर पूरे देश में कहर बरपा रही है। प्रदेश में रोजाना हजारों लोग संक्रमित मिल रहे हैं, वहीं सैकड़ों लोग अनायास ही काल के गाल में समा जा रहे हैं। जिले में भी कोरोना संक्रमण की गति काफी तेज है। जिले में सबसे ज्यादा कोरोना संक्रमित पीडीडीयू नगर में ही मिल रहे हैं। रोजाना कोरोना संक्रमितों की आने वाली रिपोर्ट में सबसे ज्यादा संख्या पीडीडीयू नगर के लोगों की ही होती है। इस भय से अब लोग घरों से निकलना बंद कर चुके हैं। भले ही सरकार ने सप्ताह के अंत में दो दिन बंदी का आदेश दिया हो, परंतु लोग यह संकल्प कर चुके हैं कि जब तक कोरोना नहीं जाएगा, वे बहुत जरूरी रहने पर ही घर से बाहर निकलेंगे। शुक्रवार की शाम आठ बजे से लगे कर्फ्यू और बंदी के 59 घंटे बाद सोमवार को बाजार खुला। 59 घंटे बाद बाजार तो खुला पर उसकी रौनक गायब रही। शाम तक दुकानों पर दुकानदार के अलावा ग्राहक नहीं दिखे। लगन होने के चलते साड़ी और पर्चून की दुुकानों पर ही एकाध लोग दिखे। सड़कों से लेकर गलियों तक सन्नाटा रहा। कभी सुबह और शाम को गुलजार रहने वाली सब्जी मंडी एकदम सुनसान दिखी। आधे से ज्यादा दुकानदार भी गायब थे।