पीडीडीयू नगर। त्योहारी सीजन में धनतेरस के पूर्व शनिवार को आज पुष्य नक्षत्र है। इस नक्षत्र में खरीदारी करना अत्यंत शुभकारी माना जाता है। ऐेसे में लोगों को खूब खरीदारी करनी चाहिए। ज्योतिषियों की मानें तो दीपावली के लिए खरीदारी से लोगों को लाभ होगा। दीपावली पर पूजा अर्चना के लिए बर्तन, लक्ष्मी गणेश की मूर्ति, लावा सहित घर की सजावट के लिए सामान की खरीदारी की जाती है। धनतेरस पर बड़े पैमाने पर सोने चांदी के गहने, बर्तन, इलेक्ट्रानिक्स, इलेक्ट्रिक के सामान और वाहन खरीदे जाते हैं। पंडित कुंज बिहारी मिश्र ने बताया कि शनिवार की भोर में 4.50 से रविवार की भोर में 4.59 तक पुष्य नक्षत्र रहेेगा। इस तरह दिन भर लोग खरीदारी कर सकते हैं। नक्षत्रों में पुष्य नक्षत्र को राजा माना जाता है। यह नक्षत्र समृद्धि, संपत्ति और आय में बढ़ोत्तरी करने वाला होता है। पुष्य नक्षत्र के संयोग से कार्य सिद्धि योग भी बनता है। पंडित संतोष तिवारी ने बताया कि वैसे तो शनिवार को लोहे का सामान नहीं खरीदा जाता है लेकिन पुष्य नक्षत्र में किसी सामान के खरीदारी पर रोक नहीं है। ऐसे में दिन भर खरीदारी की जा सकती है।