सकलडीहा। कोरोना महामारी को लेकर लगाए गए कोरोना कर्फ्यू के कारण गरीबों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। वितरण दिवस शुरू होने के बाद भी दर्जनों कोटेदारों को वितरण के लिए राशन नहीं मिलने से कार्डधारक परेशान हैं। वहीं सुबह शाम कोटेदार गोदाम का चक्कर लगा रहे हैं। सकलडीहा विपणन केंद्र से 109 कोटेदारों को खाद्यान्न का वितरण होता है। जिला प्रशासन की ओर से पांच से 14 मई तक वितरण का समय निर्धारण किया गया है। इसके बाद 20 मई से प्रधानमंत्री जन कल्याण योजना के तहत गरीबों को प्रति यूनिट पांच किलो खाद्यान्न देने का निर्देश है। बावजूद इसके विभागीय अधिकारियों और ठेकेदारों की लापरवाही से आठ मई बीतने के बाद भी दर्जनों कोटेदारों को वितरण के लिये खाद्यान्न उपलब्ध नहीं हो पाया है। इससे गरीब राशन कार्डधारकों के बीच समय से खाद्यान्न का वितरण नहीं हो पा रहा है। इससे कार्डधारक परेशान हैं। इस संबंध में विपणन निरीक्षक शालिनी पांडेय ने बताया कि कोरोना के कारण साधन के अभाव में वितरण में समस्या हो रही है। लगभग 70 गांव के कोटेदारों को खाद्यान्न दे दिया गया है। शीघ्र ही सभी कोटेदारों को खाद्यान्न आने पर भेज दिया जाएगा।