पीडीडीयू नगर। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत रविनगर स्थित समोसा व्यवसाई की बृहस्पतिवार की सुबह मनबढ़ों ने दुकान से खींचकर पिटाई कर दी। इस दौरान आसपास मौजूद लोगों ने बीच बचाव कर किसी प्रकार दुकानदार की जान बचाई। घटना के बाद पीड़ित दुकानदार ने मनबढ़ों के खिलाफ मुगलसराय कोतवाली में तहरीर दी है। पीड़ित दुकानदार सत्येंद्र कुमार यादव ने बताया कि बुधवार को क्षेत्र के कुछ मनबढ़ दुकान पर समोसा लेने आये थे। इस दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। बताया कि बृहस्पतिवार की सुबह जब वह अपनी दुकान पर बैठा था कि तभी चार से पांच की संख्या में कुछ युवक आये और दुकान से बाहर खींचकर उसे पिटने लगे। आसपास खड़े लोगों ने किसी प्रकार बीच बचाव कर उसकी जान बचाई। पीड़ित ने बताया कि घटना के बाबत उसे कोतवाली में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।