सकलडीहा। कोतवाली क्षेत्र के उसरी गांव के समीप रेलवे ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने से बथावर गांव निवासी सिद्धार्थ (25) की मौत हो गई। घटना की जानकारी होने पर परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
बथावर गांव के स्व. शिव प्रकाश राम की एक बेटी रानी, दो बेटे प्रद्युम्न और सिद्धार्थ शिव विद्यार्थी थे। सिद्धार्थ बीटेक की पढ़ाई पूरी करने के बाद सिविल सर्विस परीक्षा की तैयारी कर रहा था। वह मंगलवार को घर से बाइक से उसरी स्थित खेल मैदान में दौड़ने गया था। बाइक रेल लाइन के किनारे खड़ी कर दी थी। घर लौटते समय रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौके पर मौत हो गई।
काफी देर तक सिद्धार्थ घर नहीं पहुंचा तो परिजन परेशान हो गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने परिजनों को जानकारी दी। इससे परिवार में कोहराम मच गया। बेटे के मौत की सूचना पाकर मां कमला देवी और बहन-भाई बदहवास हो गए। थानाध्यक्ष भूपेंद्र निषाद ने बताया कि ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।