पीडीडीयू नगर। बिजली बिल के बकायेदारों के खिलाफ बिजली निगम ने मंगलवार को वसूली अभियान चलाया। चंदासी उपकेंद्र के सात फीडरों से जुड़े क्षेत्रों में चलाए गए अभियान के दौरान 123 बिजली कनेक्शनों की जांच की गई। इस दौरान 10 हजार रुपये से अधिक बकाया रखने वाले 24 उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काट दिए गए। वहीं, निगम ने करीब साढ़े सात लाख रुपये की बकाया वसूली की।
अभियान को प्रभावी बनाने के लिए अवर अभियंताओं (जेई) के निर्देशन में सात टीमें गठित की गई थीं। टीमों ने मंगलवार सुबह 10 बजे से शाम छह बजे तक अलग-अलग क्षेत्रों में पहुंचकर कनेक्शनों की जांच की। बकाया बिलों का सत्यापन करने के साथ ही उपभोक्ताओं से भुगतान करने की अपील भी की गई। लंबे समय से बिल जमा नहीं करने और 10 हजार रुपये से अधिक बकाया रखने वाले उपभोक्ताओं को चिह्नित कर उनके कनेक्शन काटे गए।
अभियान में जेई मुकेश यादव, सुधीर पटेल आदि शामिल रहे। चंदासी उपकेंद्र के एसडीओ दीपक पटेल ने बताया कि राजस्व वसूली बढ़ाने और बकाया बिलों का भुगतान सुनिश्चित करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। जांच के दौरान बकाया मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने उपभोक्ताओं से समय से बिजली बिल जमा करने की अपील की, ताकि कनेक्शन काटने जैसी कार्रवाई से बचा जा सके।