नियामताबाद के मैनुद्दीनपुर में कोरोना मरीज मिलने के बाद गांव का निरीक्षण करते सीडीओ डा.एके श्री?
- फोटो : CHANDAULI
नियामताबाद (चंदौली)। विकास खंड के ग्राम सभा मैनुद्दीनपुर में कोरोना संक्रमित मरीज की पुष्टि होने के बाद प्रशासन और स्वास्थ्य महकमे के साथ गांव के लोगों में खलबली मच गई है। संक्रमित मरीज की पुष्टि बुधवार की देर रात ही हो गई थी लेकिन ज्यादातर लोगों को इसकी जानकारी बृहस्पतिवार की सुबह हुई। मैनुद्दीनपुर को हॉट-स्पॉट घोषित कर दिया गया है।
गांव के लोगों को बाहर जाने और बाहरियों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। इसके बाद पूरे गांव में सन्नटा पसरा हुआ है। गांव को सैनिटाइज कराने के साथ ही वहां थर्मल स्क्रीनिंग भी कराई जा रही है। प्रशासन ने ग्रामीणों से घरों में ही रहने की अपील की है। सुरौली ग्राम पंचायत के मैनुद्दीनपुर में कोरोना संक्रमित मिलने के बाद जिला प्रशासन ने तत्काल मैनुद्दीनपुर को हॉट स्पॉट घोषित कर दिया। अब गांव में किसी भी बाहरी व्यक्ति का प्रवेश पूरी तरह वर्जित होगा। गांव के संपर्क मार्ग को अवरुद्ध कर दिया गया है। जहां पुलिस का पहरा है। बृहस्पतिवार को मुख्य विकास अधिकारी डॉ. एके श्रीवास्तव ने गांव में साफ सफाई व अन्य तैयारियों का जायजा लिया। साथ ही आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। गांव में स्वास्थ्य विभाग एवं प्रशासनिक अधिकारी व कर्मचारी घर-घर जाकर कोरोना संक्रमण के लक्षण की जांच करेंगे और थर्मल स्क्रीनिंग कराई जाएगी। इस मौके पर डीपीआरओ ब्रह्मचारी दूबे, सेक्रेटरी कौशलेंद्र विक्रम सिंह, ओमप्रकाश आदि मौजूद रहे।
गांव में आने जाने पर पूरी तरह से प्रतिबंध
हॉटस्पॉट के रूप में चिह्नित मैनुद्दीनपुर में लॉकडाउन का शत प्रतिशत पालन कराने का आदेश दिया गया है। गांव में किसी भी तरह की दुकान को खुलने की इजाजत नहीं होगी। गांव में किसी भी व्यक्ति के आने या बाहर जाने पर पाबंदी होगी। साथ ही एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भी अनुमति के बाद जा सकेंगी। गांव में लोगों को जरूरत के सामान जैसे राशन, फल, सब्जी और दवा के लिए भी घरों से निकलने की इजाजत नहीं दी जाएगी। सभी जरूरी सामान गांव में मुहैया कराए जाएंगे।