पीडीडीयू नगर। आरा स्टेशन के पास रविवार को भोर में अलीपुर द्वार से दिल्ली जा रही महानंदा एक्सप्रेस बेपटरी हो गई। ट्रेन का इंजन, एसएलआर कोच और एच-1 पटरी से उतर गया। दुर्घटना के बाद रेलवे में खलबली मच गई। मौके पर पहुंची तकनीकी टीम ने राहत और मरम्मत कार्य शुरू किया। इस दौरान तीन घंंटे तक रेल यातायात बाधित रहा, जिससे कई ट्रेनें जहां-तहां खड़ी रहीं।
महानंदा एक्सप्रेस सुबह करीब 4:12 बजे आरा स्टेशन पहुंची थी। यहां से ट्रेन रवाना हुई तो करीब 200 मीटर आगे कोच और इंजन के पहिए पटरी से उतर गए। अचानक झटका लगने से यात्रियों में खलबली मच गई। सूचना मिलते ही रेलवे के अधिकारी तकनीकी टीम और राहत दल के साथ पहुंचे।
साढ़े तीन घंटे की मशक्कत के बाद इसके बाद इंजन और कोच को ट्रैक पर लाने में सफलता मिली। इस दौरान दिल्ली-हावड़ा रूट पर रेल परिचालन बाधित रहा। वंदे भारत, विभूति एक्सप्रेस, गांधीधाम, कैपिटल एक्सप्रेस, इंटरसिटी, गरीब रथ, पैसेंजर व उधना एक्सप्रेस देरी से पीडीडीयू जंक्शन पहुंचीं।
कोट-
आरा में महानंदा एक्सप्रेस दुर्घटनाग्रस्त हुई थी। इससे ट्रेनों के परिचालन पर बहुत ज्यादा असर नहीं पड़ा। जल्द ही रेल यातायात सामान्य हो जाएगा। - सरस्वती चंद्र, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, पूर्व मध्य रेलवे