पीडीडीयू नगर। स्वास्थ्य लाभ मिलने के बाद भगवान जगन्नाथ बड़े भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के साथ मंदिर से निकलकर भक्तों के बीच पहुंचे। राम मंदिर से भगवान जगन्नाथ का रथ जीटी रोड पर पहुंचा, जहां भक्तों ने दर्शन-पूजन किया। भगवान का रथ खींचने के लिए भक्तों में होड़ लगी रही। इसी के साथ तीन दिवसीय रथयात्रा मेले की शुरूआत हो गई। पीडीडी नगर स्थित राम मंदिर से रविवार की शाम चार बजे भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और बहन सुभद्रा की प्रतिमाओं को रथ पर विधि-विधान के साथ विराजमान कराया गया। इसके बाद पूजा-अर्चना के साथ रथयात्रा की शुरूआत हुई। भगवान के रथ को खींचने के लिए भक्तों में होड़ लग गई। गाजे-बाजे के साथ जयकारे लगाते हुए भक्त रथ को खींचकर जीटी रोड पर रेलवे स्टेशन गेट के पास पहुंचे। यहां भगवान की आरती उतारी गई और फिर दर्शन-पूजन का सिलसिला शुरू हुआ। इस मौके पर भगवान के जयकारे गूंजते रहे। वहीं, लोगों ने खूब खरीदारी भी की। सोमवार को सुबह पांच बजे भगवान जगन्नाथ का रथ दामोदरदास पोखरे पर पहुंचेगा। शाम पांच बजे यहां कुश्ती प्रतियोगिता होगी। इसके बाद सात बजे भक्त भगवान के रथ को खींचकर प्राचीन काली मंदिर पहुंचाएंगे। यहां से मंगलवार को सुबह भगवान का पुन: राम मंदिर वापस पहुंचेगा। इसी के साथ तीन दिवसीय रथयात्रा मेले का समापन होगा।