डिप्टी एसपी स्नेहा तिवारी ने बृहस्पतिवार को सकलडीहा कोतवाली का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने महिला हेल्पडेस्क सहित विभिन्न फाइलों को देखा। उन्होंने महिला फरियादियों की समस्याएं सुनने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा। साथ ही जमानत पर रिहा होकर आने वाले अपराधियों के अनुबंध तोड़ने पर मजिस्ट्रेट के निर्देश पर रिकवरी कराए जाने का निर्देश दिया। डिप्टी एसपी ने मालखाना, शस्त्र सहित पेशेवर और हिस्ट्रीशीटरों के बारे में विस्तार से जानकारी ली। इसके अलावा फाइलों की जांच कर लंबित मामलों को समय सीमा के अंदर निस्तारण करने को कहा। उन्होंने अराजकतत्वों को चिह्नित करने को कहा। इस मौके पर प्रभारी कोतवाल वरूणेंद्र राय, उदयभान यादव, दिनेश राम, विजय शंकर चौहान, राणा यादव, शिवशंकर यादव माैजूद रहे।