कंदवा के खोर-तुलसी आश्रम मार्ग पर पड़ी गिट्टियां। संवाद
- फोटो : CHANDAULI
पीडीडीयू नगर/कंदवा। सकलडीहा विकासखंड के खोर गांव में खोर से तुलसी आश्रम मार्ग पर 45 लाख रुपये की लागत से मरम्मत कार्य शुरू हो गया है। इन दिनों सड़क पर गिट्टियां बिछाई जा रही हैं। ग्रामीणों ने सड़क मरम्मत के लिए सैयदराजा विधायक सुशील सिंह से गुहार लगाई थी। सड़क की मरम्मत होने से लोगों को कच्ची सड़क पर चलने की समस्या से निजात मिलेगी। गौरतलब है कि आजादी के बाद से आज तक उक्त कच्ची सड़क पर मरम्मत कार्य नहीं कराया गया था। इससे आने- जाने में काफी परेशानी हो रही थी। इस मार्ग से होकर खोर, ओनावल, कादिराबाद, गौसपुर, मड़ैया, डेढ़गांवा आदि गांवों के लोग तुलसी आश्रम स्टेशन आते-जाते हैं। विधायक के प्रयास से सड़क निर्माण के लिए शासन ने 45 लाख रुपये जारी किए हैं जिससे मार्ग पर गिट्टियों के गिराने का कार्य शुरू हो गया है। खोर गांव से तुलसी आश्रम तक की साढ़े तीन किलोमीटर लंबे मार्ग में से अभी 1100 मीटर हिस्से का ही निर्माण होगा। बाकी की सड़क आगामी मार्च में बनेगी। खोर से तुलसी आश्रम तक सड़क बनवाने को लेकर ग्रामीण काफी दिनों से मांग कर रहे थे। सड़क के 11 सौ मीटर हिस्से को बनवाया जा रहा है। आगे की सड़क का प्रस्ताव भी शासन को भेज दिया गया है। आगामी मार्च माह तक शासन से धन स्वीकृत करा पूरी सड़क बनवा दी जाएगी। -सुशील सिंह, विधायक, सैयदराजा।