तहसील स्थित रजिस्ट्रार कार्यालय को कचहरी से बाहर स्थानांतरित किए जाने से
नाराज वकीलों ने शुक्रवार को सब रजिस्टार सहित अन्य कर्मचारियों को
कार्यालय से बाहर निकालकर दफ्तर में ताला जड़ दिया।
इससे उपनिबंधक
कार्यालय का पूरा कामकाज ठप हो गया। वकीलों ने एसडीएम सदर गिरीश कुमार से
मिलकर तहसील परिसर में ही कार्यालय स्थापित करने की मांग की। इस दौरान
अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहे। बाद में डीएम के आश्वासन पर डेढ़ घंटे
बाद ताला खोल दिया गया।
अधिवक्ताओं का कहना है कि उपनिबंधक कार्यालय
को कचहरी से दूर स्थानांतरित किया जा रहा है। जिला प्रशासन का यह कदम
अधिवक्ताओं और वादकारियों के हित में नहीं है। पहले से ही कचहरी दो स्थानों
पर होने से वकीलों को काफी भाग-दौड़ करनी पड़ती है।
ऐसे में यदि उपनिबंधक
कार्यालय भी कचहरी से अन्यत्र भेज दिया गया, तो वकीलों की परेशानी और बढ़
जाएगी। कहा कि जब तक कार्यालय का नवनिर्माण नहीं हो जाता है, तब तक तहसील
परिसर में ही कहीं कार्यालय का स्थान सुनिश्चित किया जाए।
अधिवक्ताओं ने
मांग नहीं माने जाने पर आंदोलन व्यापक करने की चेतावनी दी। विरोध में पूरे
दिन न्यायिक कार्य से विरत रहते हुए उपनिबंधक कार्यालय में ताला जड़ दिया।
इसके बाद वकील नारेबाजी करते हुए सदर एसडीएम कार्यालय में पहुंचे और अपनी
समस्याओं से अवगत कराया।
एसडीएम ने कहा कि इस मसले पर जिलाधिकारी से
वार्ता की जाएगी। इस अवसर पर सिविल बार एसोसिएशन के महामंत्री वीरेंद्र
प्रताप सिंह दाढ़ी, इमरान सिद्दीकी सहित काफी संख्या में वकील मौजूद रहे।