सकलडीहा तहसील पर एसडीएम को ज्ञापन सौंपते विधायक प्रभुनारायण यादव।
- फोटो : CHANDAULI
चंदौली। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वान पर सोमवार को पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने बेरोजगारी, बढ़ते अपराध और भ्रष्टाचार सहित 16 सूत्री मांग व प्रदेश सरकार की नीतियों के खिलाफ जिला मुख्यालय स्थित कचहरी प्रांगण में धरना प्रदर्शन किया। इस मौके पर पूर्व सांसद रामकिशुन ने कहा कि जिले में कानून व्यवस्था बेपटरी हो गई है। रोज अपराध बढ़ रहे हैं। हत्या और घटनाओं को पुलिस प्रशासन नकेल नहीं कस पा रहा है। आरोप लगाया कि पुलिस अपराध रोकने की बजाय बालू गिट्टी की लदी गाड़ियों को पास कराने में जुटी है। अपराधियों और गुंडों के दबाव में सरकार काम कर रही है। जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर ने कहा कि कोरोना काल में संक्रमितों के इलाज में भी लापरवाही बरती जा रही है। कार्यकर्ताओं संग ट्रैक्टर से पहुंचे पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता मनोज सिंह काका ने कहा कि करोड़ों को रोजगार देने का दावा करने वाली केंद्र और प्रदेश की सरकार अब युवाओं को बेरोजगार कर रही है और लोगों की नौकरी छिनी जा रही है। पूर्व जिलाध्यक्ष बलिराम यादव ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा जो किसान बिल पास किया गया है वह किसी भी रूप में किसानों के हित में नहीं है। अंत में राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सदर एसडीएम विजय नारायण सिंह को सौंपा। इस दौरान रमेश यादव, हाशाम हासमी, आशुतोष यादव, अमित सिंह, दिलीप पासवान, रघुनाथ यादव, राजेश मौर्य, सुजीत कनौजिया, अरविंद पासवान, चकरू यादव, डॉक्टर बृजेश यादव रहे। संचालन मुन्नी लाल मौर्या ने किया।
चंदौली। संसद में पारित कृषि अध्यादेश के विरोध में आम आदमी पार्टी ने जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन किया। इस दौरान केन्द्र सरकार के विरोध में नारे लगाए। वक्ताओं ने कहा कि केंद्र सरकार ने देश में किसानों की बदहाली मे एक और काला अध्याय जोड़ने का काम किया है। इसके बाद एडीएम अतुल कुमार को ज्ञापन सौंपा। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष कला प्रसाद सोनकर, प्रवीण चैबे, प्रभाकर वर्धन सिंह, अजीत यादव, पंकज सिंह, विशाल तिवारी शामिल थे। संवाद