मुख्यालय स्थित उप निबंधक कार्यालय
- फोटो : CHANDAULI
चंदौली। लॉक डाउन के दौरान उप निबंधक कार्यालय का खोलने के लिए शासन ने फरमान जारी कर दिया है। ऐसे में लोग आसानी से अपनी जमीन का रजिस्ट्री करा सकते है। शासन से फरमान मिलने के बाद उप निबंधक कार्यालय के कर्मचारियों और अधिकारियों ने शुक्रवार को पूरे आफीस का सेनिटाइज कराया। लेकिन लॉक डाउन के चलते पहले दिन कोई व्यक्ति जमीन की रजिस्ट्री कराने के लिए नहीं पहुंचा। करोना संक्रमण को रोकने के लिए पूरे देश में लॉक डाउन किया गया है। ऐसे में सरकार ने सभी निजी और सरकारी कार्यालयों को बंद रखने का फरमान किया था। लेकिन जिले में एक भी कोरोना संक्रमित मरीज नहीं मिलने से लोगों में राहत है। वहीं सरकार भी कुछ नियमों के तहत धीरे धीरे छूट देकर राहत पहुंचाने का प्रयास कर रही है। अब तक कृषि, मत्स्य आखेट को लेकर छूट दी गई है। वहीं राजस्व प्राप्ति के लिए सरकार ने रजिस्ट्री कार्यालय को खोलने का फरमान जारी कर दिया है। शुक्रवार को मुख्यालय स्थित उप निबंधक कार्यालय पर तैनात सभी कर्मचारी आफिस पहुंचकर कार्यालय को सबसे पहले सेनिटाइज कराया। इसके बाद काम शुरु किया गया। उप निबंधक रामसुंदर यादव ने बताया कि शासन के निर्देश पर कार्यालय खुल गया है। सभी कर्मचारी कार्यालय पहुंच रहे है। लेकिन अभी कोई व्यक्ति जमीन की रजिस्ट्री कराने के लिए नहीं पहुंचा।