शहाबगंज। थाना क्षेत्र के रसिया गांव में शुक्रवार को दो पक्षों में भूमि विवाद में मारपीट हो गई। जिसमें दोनों पक्षों से पांच लोग घायल हो गये। घायलों का इलाज प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पर कराया गया। दोनों पक्षों से मिली तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है। शहाबगंज थाना क्षेत्र के रसिया गांव निवासी रामदुलार यादव अपनी जमीन पर पक्का निर्माण कार्य करा रहे थे। वहीं पास में स्थित दूसरी जमीन के मालिक हिरामन पाल ने भी अपनी भूमि पर निर्माण कार्य शुरू कर दिया। इस दौरान किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी। देखते ही देखते दोनों पक्षों में लाठी डंडे चलने लगे। जिसमें एक पक्ष के रामदुलार यादव (62), असरफी देवी (60) , पंकज यादव (18) तथा दूसरे पक्ष से हिरामन पाल (40) , हीरा पाल (58) घायल हो गए। घटना के बाद घायलों को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया गया। जहां रामदुलार की चोट गंभीर देख चिकित्सक ने जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया। दोनों पक्षों से मिली तहरीर के आधार पर पुलिस मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।