सकलडीहा के भोजापुर में मजदूर का शव मिलने के बाद जुटी भीड़। जागरूक पाठक
सकलडीहा। कोतवाली क्षेत्र के भोजापुर गांव में निर्माणाधीन पुलिस लाइन परिसर में बृहस्पतिवार सुबह मजदूर की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिसर में काम कर रहे अन्य मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की जांच करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है।
मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के मोथाबाड़ी थाना क्षेत्र के बावला गांव निवासी वापी मोमिन (25) के रूप में हुई है। वह रोबी मोमिन का पुत्र था और भोजापुर स्थित निर्माणाधीन पुलिस लाइन परिसर में मजदूरी करता था। वह अन्य मजदूरों के साथ निर्माण कार्य में लगा था।
पुलिस के अनुसार बृहस्पतिवार सुबह परिसर में मजदूर की मौत की सूचना मिली। जानकारी मिलते ही सकलडीहा कोतवाली के थानाध्यक्ष भूपेंद्र कुमार निषाद मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर वहां मौजूद लोगों से पूछताछ की। थानाध्यक्ष भूपेंद्र कुमार निषाद ने बताया कि निर्माणाधीन पुलिस लाइन परिसर में मजदूर की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।