क्षेत्र के रेवसां गांव के समीप नेशनल हाईवे पर हादसे के बाद घायल को उठाकर ले जाते ग्रामीण।
क्षेत्र के रेवसां गांव के समीप नेशनल हाइवे पर शनिवार को सवारियों से भरी क्रूजर जीप अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में आठ लोग घायल हो गए। आसपास के लोगों ने घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां सभी की हालत चिंताजनक बनी हुई है। यात्रियों के मुताबिक हादसा चालक की लापरवाही से हुई है, जो घटना के बाद मौके से भाग निकला।
क्रूजर वाराणसी से 17 सवारियों को लेकर बिहार की ओर जा रही थी। यात्रियों के मुताबिक रास्ते में चालक को नींद आ रही थी, जिसपर यात्रियों ने चालक को टोका भी, लेकिन वह नहीं माना। बताते हैं कि रेवसां गांव के समीप चालक को नींद आ गई, जिससे सवारियों से भरी क्रूजर अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराते हुए दूसरी पटरी में जाकर पलट गयी। संयोग अच्छा रहा कि जिस वक्त यह हादसा हुआ दूसरी पटरी से कोई दूसरा वाहन नहीं गुजर रहा था।
इस हादसे में बिहार प्रांत निवासी दशरथ पासवान (60), जहांगीर आलम(32), सूमन कुमार सिंह(25), गीता देवी(30), लक्वमुना देवी (50), गोविंद चौहान (30), मुन्ना पासवान (30), एसएन सिंह (60) घायल हो गए। आसपास के ग्रामीण तत्काल मौके पर जुट गए और घायलों को एक-एक दुर्घटनाग्रस्त वाहन से बाहर निकाला। वहीं हादसे के वक्त वहां से गुजर रहे सपा छात्रसभा के प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज सिंह काका समर्थकों संग मौके पर पहुंचे और दर्द से कराह रहे घायलों की मदद में जुट गए। उन्होंने कई घायलों को स्वयं उठाकर एंबुलेंस तक पहुंचाया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान एक यात्री ने बताया कि चालक को नींद आ रही थी, बावजूद वाहन चला रहा था।