चंदौली। स्वास्थ्य मंत्रालय ने अब ऐसे लोगों के लिए भी टीकाकरण के निर्देश जारी किए हैं जिनके पास कोई पहचान पत्र नहीं है। जारी निर्देश के मुताबिक ऐसे लोगों को कोविन एप में पंजीकृत कर उनके टीकाकरण के लिए विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे। इन लोगों की पहचान करने की जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी। यह जानकारी शनिवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा.वीपी द्विवेदी ने दी है। उन्होंने बताया कि मंत्रालय की गाइडलाइन के मुताबिक किसी भी व्यक्ति को वैक्सीनेशन कराने के लिए आधार कार्ड, वोटर आईडी कार्ड, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, एनपीआर कार्ड या पेंशन पेपर में से किसी एक पहचान पत्र का होना जरूरी है लेकिन अगर किसी के पास ये पहचान पत्र नहीं हैं तो उन्हें वैक्सीनेशन से वंचित नहीं रखा जा सकता। इसी के मद्देजनर मंत्रालय ने ऐसे लोगों का टीकाकरण कराने के लिए गाइलाइन जारी की है। इस श्रेणी में बुजुर्ग, साधु-संत, जेल में बंद कैदी, मानसिक अस्पतालों में भर्ती मरीज, वृद्धाश्रम के लोग, भिखारी, पुनर्वास केंद्रों में रहने वाले मरीज शामिल होंगे। ऐसे लोगों को ढूंढने का काम जिले की टास्क फोर्स करेगी। वहीं अल्पसंख्यक विभाग, सामाजिक न्याय विभाग व समाज कल्याण विभाग के सहयोग से भी ऐसे लोगों की पहचान की जाएगी। इन लोगों का कोविन ऐप में पंजीकरण कराया जाएगा। इसमें लाभार्थी का नाम, जन्म का वर्ष और लिंग दर्ज कराया जाएगा। मोबाइल नंबर और पहचान पत्र की अनिवार्यता नहीं होगी। इसका सत्यापन फैसिलिटेटर करेंगे जिसके बाद इन लोगों का वैक्सीनेशन किया जाएगा।