पीडीडीयू नगर। नियामताबाद ब्लाक के कूढ़े खुर्द गांव में एएनएम व आशा कार्यकर्ताओं की लापरवाही से ग्रामीणों को कोरोना से बचाने वाली वैक्सीन नहीं लग पा रही है। इसे लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से वैक्सीनेशन कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में नियुक्त एएनएम व आशा कार्यकर्ता शुरू से ही स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर लापरवाह रही हैं। पूर्व में भी प्रसूताओं व नौनिहालों के टीकाकरण को लेकर उनका रवैया असहयोग पूर्ण रहा है। इस कारण महिलाओं व नौनिहालों को निजी अस्पतालों में जाकर टीका लगवाना पड़ता है। कोरोना की पहली लहर में गांव में कुछ लोग संक्रमित भी हो चुके हैं। इसे लेकर लोगों में भय बना हुआ है। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से गांव में वैक्सीनेशन कराने की मांग की है। इस संबंध में नियामताबाद पीएचसी प्रभारी डॉ.ध्रुव यादव ने कहा कि शीघ्र ही एएनएम व आशा कार्यकर्ता को भेजकर वैक्सीनेशन कराया जाएगा।