चंदौली जिले के इलिया थाना क्षेत्र के जिगना गांव में घर से कुछ दूर स्थित अपने बंगले पर सो रहे रामदुलारे यादव उर्फ कपिलदेव (55) को अज्ञात हमालवरों ने शनिवार की रात धारदार हथियार से हमलाकर मौत के घाट उतार दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया।
रामदुलारे यादव का बंगला घर से 150 मीटर दूरी पर स्थित है। रोज की तरह रात में खाना खाने के बाद रामदुलारे बंगले पर सोने चले गए। देर रात सोते समय अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से सिर एवं गर्दन पर कई वार किए। जिससे उनकी घटनास्थल पर मौत हो गई। घटना की जानकारी रविवार की भोर में साढ़े 4 बजे हुई।
जब पत्नी प्यारी देवी पशुओं को चारा डालने के लिए पति के न आने पर बंगले पर पहुंची तो चारपाई पर लहूलुहान पति का शव देकर वह दहाड़ मारकर रोने लगी। चीख-पुकार की आवाज सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गये और घटना की जानकारी पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मिथिलेश तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। तब तक पुलिस क्षेत्राधिकारी नीरज सिंह भी घटनास्थल पर जाकर मृतक के पुत्र मुलायम से घटना के बाद सारी जानकारी ली। सीओ की सूचना पर पुलिस अधीक्षक हेमंत कुटियाल भी मौके पर पहुंच गए और घटनाक्रम की जानकारी ली। घटना के कारणों को जानने का प्रयास किया। वही मृतक के पुत्र मुलायम यादव की तहरीर के आधार पर पुलिस अज्ञात हमलावर के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कर कार्रवाई में जुटी हुई है।