मुगलसराय रेलवे मंडल के कुम्हऊ रेलवे स्टेशन से कुछ ही दूरी पर गेट संख्या 46 सी के पास सीनियर सेक्शन इंजीनियर नाथू प्रसाद रेलवे के एक कांट्रैक्टर के चार मजदूरों के साथ रेलवे ट्रैक पर मरम्मत का कार्य करा रहे थे। सर्दी का मौसम होने कारण चारों ओर घनी धुंध छाई थी।
इस दौरान अजमेर से सियालदह जा रही 12988 डाउन अजमेर सियालदह एक्सप्रेस के गुजरने का सिग्नल हो गया। धुंध होने व कार्य में मशगूल रहने के कारण कार्य कर रहे लोगों का ध्यान इस पर नहीं गया। तेज गति से जा रही ट्रेन जब एकदम नजदीक आ गई तब वहां कार्य कर रहे लोगों का ध्यान उस पर गया।
सभी लोग पास से ही गुजर रहे अन्य डाउन ट्रैक की ओर भागे। तभी उस ट्रैक पर भी एक मालगाड़ी तेज गति से आ गई और सभी पांच लोगों की कटकर मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही डीआरएम विद्याभूषण समेत मंडल के अन्य रेल अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
इस संबंध में सीनियर डीएफएम सह मंडल रेल प्रवक्ता कुमार अनिमेष ने बताया कि घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। जांच में जिसका भी दोष पाया जाएगा उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।