पीडीडीयू नगर। सावन के पहले सोमवार को भगवान शिव को जलाभिषेक के लिए कांवड़ियों की टोली रविवार की रात काशी के लिए रवाना हुई। बाबा विश्वनाथ को जलाभिषेक की चाह में नंगे पैर कांवड़ियों की रवानगी का सिलसिला शाम सात बजे बोल बम के जयकारे के साथ शुरू हुआ तो पूरी रात जारी रहा। इस दौरान सड़कों पर बोल बम के जयकारे की गूंज होती रही। इस दौरान कई जगह शिविर लगाकर कांवड़ियों को हलवा-पूड़ी का प्रसाद वितरित किया गया।
कांवडि़यों की सुविधा के लिए प्रशासन की ओर से पहले ही तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। पड़ाव से गोधना तक सड़क चौड़ीकरण किया जा रहा है। जगह-जगह सड़क खाेदी गई है और कई जगह गड्ढे बने हुए हैं। इसको देखते हुए लोक निर्माण विभाग की ओर से गड्ढों को स्टोन डस्ट से भर दिया गया है और मैट बिछाया गया है। उधर, कांवड़ियों की सुविधा के लिए रूट डायवर्जन किया गया है। पीडीडीयू नगर के चतुर्भुजपुर, काली महाल, शाहकुटी, अलीनगर सहित विभिन्न मोहल्लों के साथ ही चंदौली, सैयदराजा, बबुरी आदि स्थानों से कांवड़ लेकर श्रद्धालु वाराणसी रवाना हुए। वाराणसी में कांवड़िया गंगा में स्नान के बाद श्री काशी विश्वनाथ का जलाभिषेक करेंगे। इसके लिए रविवार की शाम सात बजे ही कांवड़ियों का जत्था निकल पड़ा। गेरुआ वस्त्र पहने, कमर में जलाभिषेक के लिए लोटा टांगे, नंगे पैर कांवड़िया वाराणसी के लिए निकले। अलीनगर, चहनिया, धानापुर, सकलडीहा, नियामताबाद, बबुरी से भक्तों की टोली जीटी रोड से होते हुए वाराणसी के लिए रवाना हुई। इस दौरान अलीनगर, मानसरोवर तालाब, जीटी रोड पर गल्ला मंडी, सुभाष पार्क, नई सट्टी, सुभाषनगर चौराहा, नई बस्ती समेत कई जगह स्वयंसेवी संगठनों की ओर शिविर लगाए गए। यहां कांवड़ियों को शर्बत, चाय, हलवा-चना आदि वितरित किए गए।
उधर, सावन में बाबा बैजनाथ को जल चढ़ाने के लिए कांवड़ियों की रवानगी का सिलसिला रविवार को भी जारी रहा। विभिन्न ट्रेनों से कांवड़िये सुल्तानगंज के लिए रवाना हुए। यहां से कांवड़ में जल लेकर भक्त बैजनाथ धाम पहुंचेंगे। वहीं सावन के पहले सोमवार को बाबा बैजनाथ धाम में दर्शन-पूजन की चाह में बड़ी संख्या में शिव भक्त विभिन्न ट्रेनों से जसीडीह और बैजनाथ धाम के लिए भी रवाना हुए। भीड़ पर नियंत्रण के लिए आरपीएफ, जीआरपी और वाणिज्य विभाग के कर्मियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। वन महीने की शुरुआत होते ही कांवड़ियों का बैजनाथ धाम जलाभिषेक के लिए रवानगी का सिलसिला शुरू हो गया था। रविवार को भीड़ ज्यादा दिखी। रविवार को कांवड़ियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे स्टेशन पर व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। जीआरपी के प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह और आरपीएफ निरीक्षक प्रदीप कुमार रावत के नेतृत्व टीम स्टेशन परिसर में घूमती रही। पीडीडीयू जंक्शन से गुजरने वाली फरक्का, ब्रह्मपुत्र मेल, बाबा बैजनाथ धाम एक्सप्रेस, सूरत-भागलपुर, विक्रमशिला एक्सप्रेस, आनंद विहार-गुवाहाटी एक्सप्रेस सहित अन्य ट्रेनों में कांवड़ियों की ज्यादा भीड़ रही।