सदर कोतवाली क्षेत्र के नगर स्थित शंकर मोड़ के पास में शनिवार की दोपहर एक कबाड़ के गोदाम में आग लग गई। आसपास के लोगों की सूचना के करीब आधे घंटे बाद फायर ब्रिगेड की दो दमकल मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू किया। अयोध्या कुमार का शंकर मोड़ के पास कबाड़ का गोदाम है। शुक्रवार की दोपहर उनके पिता ने फोन कर उन्हें बताया कि गोदाम में रखे गत्ते में आग लग गई है। अयोध्या तुरंत दुकान पर पहुंचे लेकिन तब तक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया था। इसके बाद उन्होंने और आसपास के लोगों ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को फोन कर इसकी सूचना दी। सूचना के करीब आधे घंटे बाद दो दमकल मौके पर पहुंचीं। फायरकर्मियों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। गोदाम संचालक के अनुसार पांच लाख रुपये से अधिक का सामान आग की भेंट चढ़ गया है।
वारंटी को किया गिरफ्तार
पीडीडीयू नगर। मुगलसराय कोतवाली पुलिस ने शनिवार को कोतवाली क्षेत्र के छिमिया गांव निवासी महेंद्र कुमार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत था। मुकदमे में हाजिर नहीं होने पर न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और आगे की कार्रवाई में जुट गई। संवाद